खरगोन। जिले में नर्मदा नदी का लगातार जल स्तर बढ़ता जा रहा है। बढ़ते जलस्तर से आवश्यक सावधानियों को लेकर गुरुवार को कलेक्टर श्री कुमार पुरुषोत्तम और पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह ने महेश्वर नगर और पास के गांवों में जल स्तर और आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर श्री कुमार ने महेश्वर नगर की निचली बस्तियों में जल स्तर बढ़ने के बाद आवश्यक व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।

कलेक्टर श्री कुमार ने पेशवा घाट से नर्मदा नदी का जल स्तर का आंकलन करते हुए नदी से लगे गांवों के बारे में जानकारी ली। इसके पश्चात कलेक्टर एसपी ने मुख्य घाट से देवी अहिल्याबाई के किले तक नाव से पहुँचे।

किले से कसरावद और महेश्वर में बढ़ते जल स्तर का अवलोकन किया। दोनों ही अधिकारियों ने सहस्त्रधारा पहुँच कर नगर के निचले क्षेत्रों का भी अवलोकन किया। अवलोकन के दौरान मौजूद एसडीएम सुश्री दिव्या पटेल को निर्देश दिए कि यहां पर्यटक बड़ी संख्या में आते है। ऐतिहात बरते पर्यटक स्थलों पर आवश्यक निगरानी करें। साथ ही बेरिकेट व स्टॉपेज जरूर लगाएं। इस दौरान एसडीओपी श्री मनोहर गवली, तहसीलदार श्री अनिल बामनिया, थाना प्रभारी श्री पंकज तिवारी और सीएमओ श्री मनोज शर्मा भी उपस्थित रहे।

ओंकारेश्वर बांध से खोले 18 गेट किया अलर्ट
इंदिरा सागर परियोजना द्वारा कम की गई जल निकासी के मद्देनजर गुरूवार को सायं 3 बजे ओंकारेश्वर बांध के गेटों की ऊंचाई व संख्या कम कर दी गई है। बांध के 18 गेट खोलने से ओंकारेश्वर परियोजना से डाउनस्ट्रीम में करीब 7000 क्यूमेक्स पानी की जावक होगी जो वर्तमान में 20532 क्यूमेक्स है। इसके पश्चात लगभग 2-3 घंटों के बाद पॉवर हाउस का संचालन कर अतिरिक्त जल का प्रवाह 8896 क्यूमेक्स होगा। इन्हीं परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए ओंकारेश्वर पॉवर स्टेशन के बाढ़ नियंत्रण प्रकोष्ठ प्रभारी ने ग्रामीणजनों और श्रद्धालूओं को अलर्ट किया है कि बांध के अपस्ट्रीम तथा डाउनस्ट्रीम में ध्यान रखा जाए ताकि किसी प्रकार कोई दुर्घटना ना घटे।
